
Deoghar: देवघर नगर पुलिस ने इंजीनियरिंग छात्र हत्याकांड का खुलासा कर लिया है। इस मामले में सिंघवा निवासी अभिषेक कुमार उर्फ निक्कू को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। इसे लेकर नगर थाना में एक प्रेसवार्ता कर सदर एसडीपीओ ऋत्विक श्रीवास्तव ने जानकारी दी।

बताया कि तालाब में शव मिलने के बाद एसपी के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया। टीम के द्वारा अनुसंधान में पता चला कि मृतक आर्यन कुमार की दोस्ती सिंघवा निवासी अभिषेक कुमार उर्फ निक्कू के साथ थी। दोनों मिलकर एक साथ ब्राउन शुगर का सेवन करते थे। बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 10 अप्रैल को दोनों शाम के करीब 7.30 बजे ड्रग्स खरीदने बारमसिया गए। वहां पर भी आर्यन मरांडी और ड्रग्स बेचने वाले के बीच झगड़ा हुआ था। बताया कि दोनों ने अभिषेक के घर के पीछे जाकर ड्रग्स का सेवन किया। उपरांत मृतक मोबाईल पर एक लड़की से बात करने लगा। उक्त लड़की से अभिषेक ने भी बात करना चाहा। जिसको लेकर मृतक और अभिषेक के बीच झगड़ा हो गया। फिर देर रात दोनों अन्य दोस्त के साथ नंदन पहाड़ स्थित तालाब के पास पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद दोनों एवं अन्य लड़के ने मिलकर फिर ड्रग्स का सेवन किया। उसी दौरान फिर अभिषेक एवं अन्य मित्रों के साथ लड़की से बातचीत करने एवं रूपये के लेनदेन को लेकर मृतक की लड़ाई हो गई ।जिसके बाद अभिषेक ने अन्य दोस्तों के साथ मिलकर पहले आर्यन के सिर पर पत्थर से मारा उसके बाद तालाब में धकेल दिया था। एसडीपीओ ने बताया कि घटना को अंजाम देने में अभिषेक का साथ देने वाले अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
10 अप्रैल को गायब हुआ था छात्र, 13 को नंदन पहाड़ स्थित तालाब में मिली थी लाश

इंजिनियरिंग का छात्र आर्यन मरांडी साकिन देवीपुर थाना क्षेत्र के झुंडी गावं निवासी वर्तमान पता नंदन पहाड़ का शव 13 अप्रैल को नंदन पहाड़ स्थित फ़िल्टरेशन तालाब में मिला था। उसकी मां के शिकायत पर अंज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज कराया गया था। मामला दर्ज करने के बाद नगर पुलिस अनुसंधान में जुटी थी।
छापेमारी टीम में थे शामिल
छापेमारी टीम में एसडीपीओ के अलावे नगर थाना प्रभारी पुनि राजीव कुमार, एसआई ओमप्रकाश सिंह, एसआई प्रेम टुडू, एसआई प्रशांत कुमार, एसआई संदीप कृष्णा सहित नगर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।


