Deoghar: देवघर एयरपोर्ट पर अब सभी विमानों की लैंडिंग 24 घंटे होगी। यानी अब रात में भी विमान की लैंडिंग यहां हो सकेगी ।नाइट लैंडिंग में आने वाली अड़चनें अब दूर हो चुकी हैं।
डीजीसीए ने देवघर एयरपोर्ट में इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम के सभी प्रकार का क्लीयरेंस दे दिया है। देवघर में अब नाइट लैंडिंग के साथ-साथ किसी भी मौसम में महज 500 मीटर की विजिबिलिटी में विमान की लैंडिंग हो पायेगी। इस तरह देवघर एयरपोर्ट पर लो – विजिबिलिटी में विमानों की लैडिंग की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो गयी है।
अब यह गारंटी लगभग हो गयी है कि विमान रद्द नहीं होगा। एक सबसे बड़ी सुविधा यह हो गयी कि आइएलएस सिस्टम लागू हो गया। आइएलएस सिस्टम का मतलब इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम। इंस्ट्रूमेंट से गाइड होकर पायलट विमान की लैंडिंग करेगा। पहले विजुअल फ्लाइट रूट लागू था। उसके बाद स्पेशल विजुअल फ्लाइट रूट हुआ। दोनों में पायलट खुली आंख से रन वे देखकर विमान की लैंडिंग कराता था।
देवघर एयरपोर्ट में पूर्व से लगे डीवीओआर मशीन पहले मैनुअल तरीके से कम कर रहा था। इसके अनुसार 3200 मीटर की विजिबिलिटी में ही कॉमर्शियल विमान की लैंडिंग हो रही थी, लेकिन अब डीजीसीए द्वारा क्लीयरेंस दिये जाने के बाद डीवीओआर मशीन के सभी इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम पूरी तरह से चालू हो जायेगा। इससे 500 मीटर की विजिबिलिटी में आसानी से फ्लाइट को लैंड कराया जा सकेगा। तो बड़ा बदलाव विमान के परिचालन को लेकर देवघर एयरपोर्ट पर हुआ है।
अब 500 मीटर की विजिबिलिटी में आसानी से 180 यात्री की क्षमता वाला ए-320 विमान आसानी से लैंड कर सकेगा।
देवघर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा, आइएलएस की सुविधा बहाल कराने के लिए सांसद डा. निशिकांत दुबे लगातार प्रयास कर रहे थे। सदन में भी एक महीना पूर्व इस पर ध्यान आकृष्ट कराए थे और केंद्रीय मंत्री से संपर्क बनाए थे।
सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा मेरे लगातार प्रयास के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय के निर्देशों पर डीजीसीए ने देवघर एयरपोर्ट को सभी प्रकार की तकनीकी क्लीयरेंस दे दिया है। डीजीसीए द्वारा इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम की सारी अनुमति एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को दी जा चुकी है। अब देवघर एयरपोर्ट में कोलकाता और दुर्गापुर की तर्ज पर 24 घंटे फ्लाइट की लैंडिंग हो पायेगी। ‘ आसानी से रात के साथ-साथ किसी भी तरह के मौसम में महज 500 मीटर की विजिबिलिटी में फ्लाइट की लैंडिंग एयरपोर्ट पर हो जायेगी। इससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। समय पर यात्री अपने परिजनों से मिलने मिल पायेंगे।
बता दें कि देवघर एयरपोर्ट से जुलाई 2022 में यात्री विमान सेवा शुरू हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसका शुभारंभ किया था। देवघर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद संताल परगना, गिरिडीह और बिहार के बांका, जमुई और भागलपुर के लोगों को बड़ी सुविधा मिली है। एक अप्रैल से देवघर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा बहाल हुई और 18 अप्रैल से आइएलएस की सुविधा मिल गयी। देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली, कोलकाता की हर दिन सीधी फ्लाइट है। जबकि रांची और पटना के लिए हर एक दिन का परिचालन हो रहा है। देवघर से विमान सेवा बढ़ जाएगी। दिल्ली की फ्लाइट बढ़ेगी। बेंगलुरू और मुंबई के लिए फ्लाइट शुरू हो जाएगी। अब इंडिगो के अलावा कई कंपनियां आएगी। बेंगलुरू के लिए तो टाइम स्लाट मिल चुका है।