Deoghar: शनिवार को जसीडीह स्थित रामकृष्ण विवेकानंद विद्या मन्दिर के सभा-कक्ष में देवघर सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के तत्वावधान में देवघर जिला के विभिन्न सी बी एस ई मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रभारियों की आहूत बैठक संपन्न हुई।
पूर्व निर्धारित तिथि पर देवघर संभाग के सीबीएसई द्वारा मान्यता प्राप्त प्राय: सभी विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रभारियों ने इस बैठक में भाग लिया।
आगमन पर सर्वप्रथम सभी सदस्यों का तिलक लगाकर तथा स्टेशनरी सामग्रियों से भरी फाइल भेंट कर अभिनन्दन किया गया तथा स्थान ग्रहण करने के पश्चात विद्यालय के क्लास पंचम से सप्तम तक के विद्यार्थियों द्वारा सुमधुर सरस्वती वन्दना प्रस्तुत की गई एवं प्राचार्या चन्दना चक्रवर्ती द्वारा सभी का औपचारिक स्वागत किया।
अध्यक्ष रामसेवक गुंजन, प्राचार्य बलराम झा, सुधा पाण्डेय, पूनम झा,नवीन कुमार,सुशील कुमार, अवंतिका , चन्दन चक्रवर्ती तथा अन्य ने समवेत दीप प्रज्वलित कर सहोदया के कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। सर्वप्रथम अध्यक्ष रामसेवक गुंजन ने अपने उद्बोधन में सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए गत सत्र की कुछ परेशानियों को सामने रखा तथा नये सत्र 2024-25 के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए सभी सदस्यों को शिक्षक होने पर गर्व महसूस करने की सलाह दी।
बैठक के एजेंडा के मुताबिक नये सत्र के लिए सर्वप्रथम पदाधिकारियों का चयन किया गया जिसके तहत सदस्यों ने सर्वसम्मति से पुन: रेड रोज स्कूल के सलाहकार रामसेवक गुंजन को अध्यक्ष,डी ए भी भन्डारकोला के प्राचार्य बलराम झा को सचिव,महेन्द्र मुनि मधुपुर के प्राचार्य मदनमोहन मिश्र को उपाध्यक्ष,मिश्रा रेसिडेंशियल की प्राचार्या सुधा पाण्डेय को संयुक्त सचिव ,एस के पी विद्या विहार के वाइस प्रिन्सिपल बी के झा को कोषाध्यक्ष तथा देवसंघ नेशनल स्कूल के वाइस प्रिन्सिपल अवंतिका का ट्रेनिंग कोआर्डिनेटर के रूप में चयन किया गया।
पदाधिकारियों के चयन के बाद सत्र-2024-25 के शैक्षणिक एवं सह शैक्षणिक गतिविधियों पर चर्चा हुई तथा परस्पर सहयोग से हर स्कूल के परफार्मेंस को बेहतर बनाने का संकल्प लिया गया साथ ही चार इन्टर स्कूल प्रतियोगिताओं के आयोजन का निर्णय लिया गया; जुलाई में क्विज, सितंबर में भाषण, नवम्बर में लोकनृत्य तथा दिसम्बर में खो-खो प्रतियोगिताओं का आयोजन देवघर और मधुपुर में एक साथ अलग-अलग विद्यालय में किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों को डी ए भी प्राचार्य बलराम झा, डी ए भी चित्रा के प्राचार्य सुशील कुमार, महेन्द्र लिटेरा जी के प्राचार्य मोहनन के.पी., सेलोम स्कूल मधुपुर की प्रचार्या अंजु पोनराज,आर.के.मिशन के वाइस प्रिन्सिपल श्यामल नन्दी, डी एन.एस.के वाइस प्रिन्सिपल सह ट्रेनिंग कोआर्डिनेटर अवन्तिका तथा एर.टी. एन.सी. अमित कुमार झा ने अपने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय में गुणात्मक परिवर्तन लाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक के अन्त में सभी सदस्यों ने रामकृष्ण विवेकानंद कें निदेशक सौगत कर तथा प्राचार्या चन्दन चक्रवर्ती की बेहतरीन व्यवस्था के लिए भूरी-भूरी प्रशंसा की और उन्हें हृदय से धन्यवाद दिया।