
Deoghar: देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र स्थित नारंगी मोड़ के समीप हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी पथरहड्डा थाना क्षेत्र के सोनाबाद गांव निवासी 31 वर्षीय सुबोधन मरांडी की मौत गुरुवार अहले सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई।

घटना के संबंध में मृतक की पत्नी बहामुनी हेंब्रम ने बताया कि 27 मार्च को उसका पति मोटरसाइकिल से बच्चे को ससुराल विषमाडी पहुंचाने गया था। वापसी के क्रम में नारंगी मोड़ के समीप विपरित दिशा तेजी व लापरवाही से आ रही अज्ञात वाहन ने उसे चकमा दिया। जिससे उसका बाइक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गया। घटना में वह गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़ा। उधर से गुजर रहे लोगों से मिली सूचना पर स्वजन घटनास्थल पहुंचे तो उसे गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा हुआ पाया।

108 एंबुलेंस की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के उपरांत उसे भर्ती कर लिया गया। इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस ने फर्द बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को भेज दिया है।


