
Deoghar: जिले की साइबर थाना की पुलिस ने साइबर ठगी में संलिप्त 11 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी देवीपुर, जसीडीह, मधुपुर, मारगोमुंडा व सारठ थाना से की गई है।

गिरफ्तार होने वालों में देवीपुर थाना क्षेत्र के बेलटिकरी गांव निवासी बिनोद कुमार दास, जसीडीह थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव निवासी तुलो दास, तुलसीदास व राजीव कुमार दास, मधुपुर थाना क्षेत्र के महुआडाबर गांव निवासी उदयशंकर दास, नेमुवाबाद निवासी अल्ताफ शेख व लखनुवा गांव निवासी अनुप दास, मारगोमुंड थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी तरणटांड़ टोला निवासी मुबारक अंसारी, सारवां थाना क्षेत्र के दासडीह निवासी संतोष दास, सारठ थाना क्षेत्र के बसंत कुमार दास, पाथरोल थाना क्षेत्र के गांविंदपुर टोला लकरा गांव निवासी नवीन कुमार दास शामिल है।

इन सभी के पास से एक महंगी मोटरसाइकिल सहित 13 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड व दो एटीएम कार्ड बरामद हुआ है। बरामद मोबाइल को खंगाले जाने के बाद साइबर अपराध से जुड़े 40 लिंक प्राप्त हुए है। साइबर थाना की पुलिस इन लिंक की जांच में जुटी है। जिससे साइबर अपराध से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
साइबर थाना पुलिस को इन साइबर ठगों के बारे में मिली सूचना के आधार पर स्थानीय थाना की पुलिस की मदद से कार्रवाई की गई। पकड़े गए साइबर ठगों को थाना लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में साइबर अपराध में सभी आरोपितों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार किया है। साइबर ठगी के लिए आरोपित फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स एप के माध्यम से एयरटेज पेमेंट बैंक कार्ड बंद होने की जानकारी देकर लोगों को पहले झांसे में लेते थे।
इसके बाद कार्ड को दोबारा चालू कराने के नाम पर लोगों से उनके जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी का शिकार बनाते थे।


