
Deoghar: जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के डिगरिया पहाड़ समीप एक पारा शिक्षक पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। पारा शिक्षक रांगा गांव निवासी पंकज यादव ने थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार पंकज यादव अपने मोटरसाइकिल से देवघर किसी आवश्यक कार्य के लिए जा रहा था। इसी दौरान डिगरिया पहाड़ के तीखे मोड़ पर सड़क किनारे झाड़ियों में किसी के छुपे होने की आशंका होने पर उन्हें गाड़ी धीरे कर देखने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान वहां छिपे दो में से एक अपराधी ने शिक्षक पर गोली चला दी।

गोली की आवाज सुनकर वो मोटरसाइकिल को घुमाकर भाग ही रहा था कि अपराधियों ने दूसरी गोली भी चला दी। वह तेजी से वापस लौट कर अंधरीगादर की ओर भाग निकला। घटना को लेकर पीड़ित पारा शिक्षक ने आसपास के करीबी लोगों के होने की आशंका जाहिर की है।
ईधर, घटना की जानकारी जसीडीह थाना को मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कर मामले की छानबीन की।


