
Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके में बाइक सवार मोबाइल छिनतई करने वाले बदमाशों ने आतंक मचा रखा है। आये दिन राह चलते लोगों से मोबाइल छिनतई कर फरार हो जा रहे हैं। वहीं जब इसकी शिकायत लेकर पीड़ित थाना पहुंचते हैं तो उन्हें मोबाइल खोने का फार्म भरा कर खानापूर्ति कर लिया जाता है।

शुक्रवार को दिनदहाड़े थाना इलाके के वीआईपी चौक और आशा राम किशन रोड में मोबाइल छिनतई की घटना को अंजाम दिया था। वहीं शु्क्रवार की शाम को जटाही मोड़ और तिवारी चौक के बीच रामकृष्ण मिशन के अस्पताल के पास कोचिंग से अपने लॉज लौट रहे एक छात्र से बुलेट सवार दो बदमाशों ने मोबाइल की छिनतई कर ली।

छिनतई का शिकार हुए छात्र बांका जिला के बेलहर थाना क्षेत्र के लेल्हा निवासी रंजीत कुमार ने बताया कि वह रांगामोड़ स्थित एक लॉज में रहकर पढ़ाई करता है। शुक्रवार की शाम को जटाही मोड़ रामकृष्ण स्कूल रोड के पास स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने गया था। वहां छुट्टी होने के बाद वापस लौट रहा था। रास्ते में पॉकेट से अपना मोबाइल निकाल कर किसी को कॉल कर रहा था। उसी दौरान बुलेट पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और हाथ से मोबाइल छिनतई कर फरार हो गये। नगर थाना में उससे भी मोबाइल खो जाने का फार्म भराया गया।


