
Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू को ईडी ने समन भेज कर पूछताछ के लिए बुलाया है। ईडी ने 16 जनवरी को पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा है। इसके अलावा ईडी ने साहिबगंज के डीसी रामनिवास यादव को भी पूछताछ के लिए समन जारी कर 11 जनवरी को उपस्थित होने को कहा है। ईडी ने कारोबारी सह आर्किटेक्ट विनोद सिंह को पूछताछ के लिए 15 जनवरी को उपस्थित होने को कहा है।

बता दें कि बीते बुधवार 3 जनवरी को ईडी ने मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार के आवास, साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव के सरकारी आवास समेत कई लोगों के एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी किया था। इस छापेमारी के दौरान अभिषेक प्रसाद पिंटू के आवास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज ईडी ने बरामद किया था जबकि साहिबगंज डीसी के सरकारी आवास से 8 लाख नकद समेत 9 एमएम बोर के 19 कारतूस, .380 एमएम के 2 कारतूस और 45 पिस्टल के 5 खाली खोखे भी बरामद किये गये थे।

वहीं कारोबारी सह आर्किटेक्ट विनोद सिंह के रांची स्थित आवास से 25 लाख नकद बरामद किया गया था। इस दौरान ईडी ने रोस्पा टॉवर स्थित कार्यालय से कई डिजीटल उपरकण भी जब्त किए थे।


