
भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में तड़के सुबह एक बड़ी रेल दुर्घटना हो गई। सिंध के डहारकी क्षेत्र में दो ट्रेनों की टक्कर हुई, जिसमें 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40-50 घायल बताए जा रहे हैं। मरने वालों की संख्या में अभी और इजाफा भी हो सकता है।

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में सर सैयद एक्सप्रेस (Sir Syed Express) और मिल्लत एक्सप्रेस (Millat Express) के बीच रैती और औबारो रेलवे स्टेशन के बीच हुई आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में अबतक कम से कम 30 यात्रियों की मौत की खबर है, वहीं 50 से ज्यादा यात्री इस दुर्घटना में घायल बताए जा रहे हैं। बताया कि जा रहा है कि सर सैयद एक्सप्रेस लाहौर से कराची जा रही थी और इस बीच धार्की के पास वह मिल्लत एक्सप्रेस से आमने-सामने टकरा गई। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक दुर्घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है।

डॉन अखबार के मुताबिक आमने-सामने की इस टक्कर की वजह से मिल्लत एक्सप्रेस की बोगियां पटरी से नीचे पलट गईं। इस भीषण रेल हादसे के बाद घोटकी, ओबारो और मीरपुर के अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। घोटकी के डेप्युटी कमिश्नर उस्मान अब्दुल्ला ने बताया कि हादसे में अबतक कम से कम 30 लोग मारे गए हैं और 50 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। दोनों ट्रेनों की बोगियों के पलट जाने की वजह से लोगों को निकालने में काफी दिक्कत आ रही है।
पाकिस्तानी अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मरने वालों की संख्या काफी बढ़ सकती है। डेप्युटी कमिश्नर ने कहा कि हादसे में 13 से 14 बोगियां पलट गई हैं और इनमें से 6 से 8 पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग अभी भी बोगियों में फंसे हुए हैं और उन्हें निकालने में काफी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। डेप्युटी कमिश्नर ने कहा कि राहत ट्रेन को रवाना कर दिया गया है।
डेप्युटी कमिश्नर ने कहा कि पलटी हुई बोगियों से लोगों को निकालने का काम बहुत ही चुनौतीपूर्ण है। बोगियों में फंसे लोगों को निकालने के लिए बड़ी मशीनों को घटनास्थल पर लाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सभी डॉक्टरों को काम पर बुला लिया गया है. यात्रियों को राहत देने के लिए मेडिकल कैंप बनाया जा रहा है।



