
Madhupur (Deoghar): मधुपुर स्टेशन पर नवनिर्मित ओवर ब्रिज और दो लिफ्ट का उद्घाटन गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने शुक्रवार को समारोह पूर्वक किया।
ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण है मधुपुर

मौके पर सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि मधुपुर 1956 तक बंगाल का हिस्सा था और यह शहर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण रहा है। भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी का घर मधुपुर में था। महात्मा गांधी ने मधुपुर नगरपालिका का उद्घाटन किया है। रविंद्र नाथ टैगोर मधुपुर से गिरिडीह आने जाने के क्रम में मधुपुर स्टेशन पर यात्री के रूप में हमेशा ठहरते थे। ईश्वर चंद्र विद्यासागर 20 साल अपनी मृत्यु तक करमाटांड़ में रहे जो अब विद्यासागर स्टेशन के रूप में जाना जाता है। कोलकाता विश्वविद्यालय का कैंपस गेस्ट हाउस मधुपुर में है। महान वैज्ञानिक जेसी बोस का जुड़ाव गिरिडीह- मधुपुर से रहा है। प्लानिंग कमीशन के सदस्य सहित कई बड़े अधिकारियों और नेताओं का संबंध मधुपुर से रहा है। इससे स्पष्ट है कि मधुपुर कितना बड़ा और महत्वपूर्ण जगह रहा है। धीरे-धीरे मधुपुर अपनी गरिमा खोने लगा। जितना संसाधन और जमीन मधुपुर स्टेशन के पास है इतना आसपास के किसी स्टेशन को नहीं।

सांसद ने कहा कि साल 2014 के बाद पिछले 9 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे ने क्षेत्र में अभूतपूर्व काम किया है। उन्होंने कहा कि गिरिडीह 1872 का स्टेशन है लेकिन उसका समुचित विकास नहीं हो पाया। अब न्यू गिरिडीह से बड़काखाना, रांची होते हुए दिल्ली के लिए रूट तैयार है। आगामी 12 सितंबर से गिरिडीह से पहली ट्रेन रांची के लिए जाएगी।
बैद्यनाथधाम स्टेशन 1884 में चालू हुआ यह देश का पहला स्टेशन है जो आम जनता के पैसे से बना था। बैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशन के आसपास रेलवे की जमीन को रेलवे संरक्षित करें नहीं तो भू माफिया उसे कब्जा लेंगे।
इलाके में रेलवे के समुचित विकास के लिए शंकरपुर में रेल का टर्मिनल जरूरी है। इससे एम्स, अडानी पावर प्लांट, प्लास्टिक पार्क, समेत सैकड़ो कंपनियों का माल और यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
मधुपुर और जसीडीह से अगरतला, चेन्नई, गोवा, पुणे, बेंगलुरु सहित कई जगह की ट्रेन चलती है लेकिन टर्मिनल और वाशिंग पिट नहीं होने के कारण ट्रेन जबरदस्ती चल रही है। रेलवे ने मधुपुर,दुमका और मथुरापुर में फ्लैट टर्मिनल का निर्माण में पैसा खर्च कर दिया लेकिन इसका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है।
सांसद ने कहा कि मधुपुर रेलवे फुटबॉल मैदान, ट्रेनिंग पार्क और लाल बहादुर शास्त्री इंस्टीट्यूट का समुचित देखरेख होना चाहिए। जसीडीह में फ्लैट टर्मिनल जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मधुपुर स्टेशन के मुख्य द्वार के पास पार्किंग, कॉफी सेंटर और रेस्टोरेंट की व्यवस्था होनी चाहिए।


