Deoghar: जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के कोठिया बस स्टैंड समीप बार्डर टैक्स पेमेंट कार्यालय कर्मियों की ओर से बस चालक से जबरन टैक्स लेने को लेकर आक्रोशित यात्रियों ने घंटों सड़क जाम कर हंगामा किया।

मिली जानकारी के अनुसार देवघर सत्संग आश्रम में बंगाल से अनुयायी आये थे। देवघर में बुधवार की सुबह बस तपोवन से त्रिकुटी पहाड़ जाने के क्रम में हिंडोलावरण के समीप टैक्स जमा कर आगे निकला। गाड़ी रिखिया आश्रम समेत अन्य स्थानों पर भ्रमण करने के बाद सुबह करीब दस बजे वापस लौट रही थी। वन वे होने के कारण बस रिखिया दर्दमारा पथ से वापस लौट रहा था। इसी दौरान कोठिया बस स्टैंड के समीप बॉर्डर टैक्स कार्यालय के समीप कर्मियों ने बस को रोक कर टैक्स की मांग की। इस दौरान बस चालक ने टैक्स टोकन को दिखाया। लेकिन कर्मियों ने नहीं माना और एक हजार रूपए की मांग करते रहा। फिर, बस को लगातार चार घंटे तक रोक कर रखा। जिसके बाद बस यात्री काफी आक्रोशित हो गए और सड़क के बीचोबीच बस को खड़ा कर आवागमन बाधित कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर गाड़ियों का भारी जमावड़ा लगा रहा।

वहीं, रोड जाम की जानकारी मिलते ही स्थानीय मुखिया और पुलिस मौके पर पहुंची। समझा बुझाकर मामले को शांत कराया गया। इस दौरान जसीडीह पुलिस के एसआई अविनाश कुमार ने मामले को शांत कराते हुए एक टोल टैक्स कर्मी अजय कापरी को पूछताछ के लिए थाना ले गई है।



