गढ़वा।

गढ़वा जिले के भ्रमण पर पहुंचे झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने बरडीहा प्रखंड के आदर गांव में विधायक मद से 50000 की लागत से बनने वाली रोड का गुरुवार को शिलान्यास किया। इसी दौरान मंत्री द्वारा कार्यकर्ताओं से बात करते हुए कुछ पैसे की लेन-देन की बात हुई. उनके पास खड़े व्यक्ति से मंत्री ने कुछ पैसे भी लिए, जिसका स्थानीय दो युवकों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर आज सुबह से ही वायरल कर दिया।

पैसे की लेन- देन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मंत्री जी परेशान हो गए. क्योंकि वायरल वीडियो के साथ रिश्वत लेने का मैसेज भी वायरल हो रहा था. परेशान होकर मंत्री ने जिले के एसपी को आवेदन देकर वीडियो वायरल करने वाले दोनों युवकों के खिलाफ शिकायत की। जिस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंत्री द्वारा पैसे लेते हुए वीडियो वायरल करने वाले दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर मामले की पड़ताल में जुट गई है, और उसके बाद करवाई की बात कह रही है.

अब, वायरल वीडियो के मामले में स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने भी अपनी बात रखी और रिश्वत या कमिशन लेने की बात को सिरे से नकारते हुए इसे चबूतरा निर्माण कराए जाने के लिए चंदा दिए जाने की बात कही. और साजिशकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग प्रशासन से की।


