Deoghar: देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र देवघर मुख्य मार्ग पर भंडारों गांव के समीप वर्मा मोड़ के पास पैदल चल रहे एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। जहां पहले उसे चिकित्सक के द्वारा इलाज कर वार्ड में भर्ती कर दिया गया। कुछ देर बाद उसकी हालत खराब होने लगी जिसकी सूचना डॉक्टर को दी गई। जानकारी मिलते ही ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने वार्ड में जाकर उसकी जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन को मृत्यु की सूचना मिलते अस्पताल परिसर में दहाड़ मारकर रोने लगे।

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि नौखिला गांव निवासी झकसू यादव कबूतर बेचने के लिए बाजार गया हुआ था। वहां से लौटने के क्रम में अज्ञात वाहन ने उसे धक्का मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसकी जानकारी बैधनाथ धाम ओपी पुलिस को दे दी गई है।



