
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव में पिछले तीन दिसंबर को गुलजार अंसारी उर्फ गुजना की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले का उदभेदन कर लिया है। हत्या में शामिल आरोपित उसी गांव के इकराइम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयोग किया गया पिस्तौल व एक जिंदा कारतुस बरामद किया है।

पुलिस को पूछताछ के क्रम में पता चला है कि आरोपित लहठी बनवाकर थोक में बेचने का कार्य करता था। मृतक की पत्नी से भी वह लहठी बनवाने का काम करता था। वह मृतक की पत्नी के संपर्क में लगभग एक वर्ष पूर्व आया था। लगातार मृतक के घर आना जाना था। धीरे-धीरे मृतक की पत्नी को वह अपना दिल दे बैठा। उसका उसके घर में काम के बहाने आना जाना था। उसने महिला को अपने साथ भाग चलने को कहा। लेकिन वह इस बात के लिए राजी नहीं हुई।

उसके बाद आरोपित ने अपने प्यार के रास्ते के कांटे को हटाने का फैसला कर लिया। वह गुलजार की हत्या करवाने का फैसला कर लिया। इसके लिए उसने किसी से एक लाख में सौदा भी किया। उसे पहले 50 हजार रुपया भी दिया था। लेकिन उस व्यक्ति ने उसके काम को अंजाम नहीं दिया। इसके बाद आरोपित की बेचैनी और बढ़ गई। उसे पता था कि मृतक की पत्नी मायके गई हुई है। इसका फायदा उठाकर उसने घर में घुसकर कमरे में सो रहे गुलजार के सिर पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान उसने उसे मुक्का से मारा भी था जिस कारण उसके आंख के पास गंभीर चोट लग गई थी। हत्या करने के बाद वह भाग गया था।
पुलिस को पहले से ही मामले में कुछ शक था और जांच आगे बढ़ने से शक यकीन में बदल गया। पुलिस ने आरोपित को धर दबोचा। आरोपित ने बताया कि उसने पिस्तौल बिहार से खरीदकर मंगाया था।
पुलिस पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया है।


