Dumka: झारखंड की उपराधानी दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज दिग्घी में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। हंगामा इतना बढ़ गया कि पुरे मेडिकल कॉलेज में दुमका जिला के कई थानेदार सहित एसडीपीओ जरमुण्डी और डीएसपी साइबर को सदलबल कॉलेज पहुँचना पड़ा। घंटों बाद मेडिकल कॉलेज छात्र शांत हुए।
छात्रों का आरोप है परिसर में आकर बाहरी लोगों ने छात्रों पर पथराव कर दिया और कई छात्र इसमें घायल हो गये।
दरअसल, दुमका के फूलो झानों मेडिकल कॉलेज में कैंटीन चलाने वाले पोलिना मुर्मू और चंदन सिंह सहित दर्जन भर लोगों ने खुद को प्रिंसिपल कार्यालय के अंदर बंद कर लिया था। क्योंकि उनपर छात्रों का आरोप था कि ये लोग छात्रों के साथ मार पीट करते हुए उनलोगों पर पथराव कर रहे हैं। जिसके बाद छात्र उग्र हो गए औऱ हंगामा करने लगे।
हंगामा की सूचना पर पुलिस महकमा मेडिकल कॉलेज पहुंचा। छानबीन के क्रम में पुलिस पदाधिकारियों को पता चला कि कैंटीन चलाने वाले पोलिना मुर्मू का कर्मचारी चंदन सिंह परिसर में छात्र-छात्राओं को परेशान करता था। चंदन सिंह शराब पीकर यहां हंगामा करता था। छात्रों ने जब चंदन सिंह से इस विषय पर बात की तो उसने छात्रों को धमकाया। आरोप था किशनिवार सुबह दो दर्जन से अधिक असामाजिक तत्वों ने मेडिकल कॉलेज परिसर में पहुंच कर छात्र-छात्राओ पर पथराव करना शुरू कर दिया। उसके बाद छात्रो की ओर से पलटवार करते हुए जब आरोपियों को खदेड़ा गया तो पोलिना मुर्मू, चंदन सिंह और उनके साथी प्रिंसिपल के चैंबर में घुस गये।
मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने लिखित शिकायत की है जिसके आधार पर मेस चलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है। छात्रों को प्रशासन ने आश्वस्त किया कि परिसर में पूरी सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाएगी। प्राचार्य ने छात्रों के सामने ही पोलिना के कैंटीन का अनुबंध रद्द करने की बात कही। तब जाकर छात्र मानें और हंगामा शांत हुआ।