
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बंपास टाउन में स्कूटी में पीछे से एक अज्ञात टोटो ने टक्कर मार दिया। इस घटना में स्कूटी सवार अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर ऑन ड्यूटी चिकित्सक के द्वारा इलाज कर वार्ड में भर्ती कर दिया गया है।

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि देवघर कोर्ट के अधिवक्ता परमानंद शुक्ला कोर्ट जाने के लिए अपने घर से निकले थे। उसी दौरान अचानक बंपास टाउन में गैस गोदाम के समीप एक अज्ञात टोटो ने पीछे से धक्का मार दिया। जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी संबंधित थाना की पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले को लेकर छानबीन कर रही है।


