
Deoghar: बाबा परिहस्त गिरोह के कुछ सदस्यों द्वारा जबरन जमीन कब्जा करने की गुप्त सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस के साथ गिरोह के सदस्यों ने न सिर्फ हाथापाई की बल्कि भागने के दौरान हवाई फायरिंग भी की। इस दौरान गिरोह का एक सदस्य पकड़ा गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बताया जा रहा कि सूचना पर एसआइ अनूप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। जहां बाबा परिहस्त गिरोह के कई सदस्य मौजूद थे। जो पुलिस से भी उलझ गए और हाथापाई करने लगे। इस क्रम में एसआइ अनूप कुमार को हाथ में चोट भी लगी। जब मामले को बिगड़ता देखकर अतिरिक्त पुलिस वालों को बुलाया। अधिक पुलिस वालों को देखकर गिरोह के सदस्य वहां से भागने लगे तो भागने के क्रम में उन लोगों ने एक बार हवाई फायरिंग भी की। मौके पर से एक खोखा भी बरामद किया गया है।

हालांकि, दौड़कर पुलिस ने एक को पकड़ा। कुख्यात बाबा परिहस्त गिरोह के पकड़े गए एक सदस्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़ा गया आरोपित निखिल कुमार राय नगर थाना
क्षेत्र के भुरभुरा मोड के पास का रहने वाला है।
इस सिलसिले में एसआइ अनूप कुमार के बयान पर नगर थाने में आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।



