Deoghar News : पुलिस कर्मियों पर हमला करने के आरोप में नगर थाना की पुलिस ने शनिवार को एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान आलोक कुमार के रूप में हुई है। वह नगर थाना क्षेत्र के द्वारिकापुर मोहल्ले का रहने वाला है।

उसके खिलाफ एसआइ राम विलास शर्मा के बयान पर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि एसआइ राम विलास शर्मा पुलिस टीम के साथ गश्ती पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि द्वारिकापुर मोहल्ले में तीन-चार युवक नशे की हालत में लोगों के साथ गाली-गलौज कर रहे हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसी बीच आलोक कुमार वहां आया और गाली-गलौज करने लगा। पुलिस कर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस टीम से ही उलझ गया। आरोप है कि उसने पुलिस कर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस वाहन का शीशा टूट गया।
आरोपित ने पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी किया।घटना के बाद पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दी गयी, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने आरोपित को पकड़कर थाना लाया।
उसके खिलाफ पुलिस पार्टी पर हमला करने, सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपित को जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



