Deoghar: देवघर में स्वास्थ्य विभाग के सरकारी क्वार्टरों पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों व स्थानांतरित स्वास्थ्य कर्मियों का कब्जा जमा हुआ है । जिसे खाली करने के लिए सिविल सर्जन डॉ रंजन सिन्हा ने सभी को पत्र लिख निर्देश दिया है।

सिविल सर्जन डॉ रंजन सिन्हा ने बताया कि पांच डॉक्टर बाहर से आये हैं और उन्हें क्वार्टर उपलब्ध कराना है, जबकि डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों के क्वार्टर में सेवानिवृत कर्मियों व स्थानांतरित स्वास्थ्यकर्मी जमे हुए हैं। उसे खाली करने के लिए पत्र दिया गया है।

उन्होंने बताया कि डॉक्टर क्वार्टर में स्थानांतरित डॉ दिवाकर पासवान, लेखा प्रबंधक रवींद्र सिंह, तथा मृत प्रधान लिपिक अनूप वर्मा के परिजन और स्वास्थ्य कर्मियों के क्वार्टर में सेवानिवृत्त एएनएम कुमकुम कुमारी और सरला सिन्हा हैं, जो अब भी क्वार्टर में जमे हुए हैं। इसे लेकर पत्र भेज कर खाली करने को कहा है, ताकि बाहर से आये चिकित्सकों को क्वार्टर उपलब्ध कराया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, रवींद्र सिंह सिविल सर्जन कार्यालय में करीब चार साल पहले लेखा प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे। चार साल पहले उनका दुमका स्थानांतरण हो गया, जिसके बावजूद यहां क्वार्टर पर आज भी कब्जा है। पहले भी कई सिविल सर्जन ने क्वार्टर को खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई खाली नहीं करा पाया। अब देखना होगा कि ये क्वार्टर कबतक खाली हो पाते हैं।
बता दें कि ये सभी क्वार्टर सिविल सर्जन कार्यालय के पीछे और अस्पताल परिसर स्थित है।



