
Deoghar: जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के बुतुरुवाडीह में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक महिला की मौत हो गई है। 60 वर्षीय बिहुला देवी मोहनपुर थाना क्षेत्र के बुतुरुवाडीह की रहने वाली थी।

घटना की सूचना स्वजनों ने मोहनपुर थाना की पुलिस को दे दिया है। इधर घटना के संबंध में मृतका के स्वजनों ने बताया कि पूर्व से जमीन को लेकर गांव के ही लोगों के साथ विवाद चल रहा था। शुक्रवार को इसी विवाद को लेकर दूसरे पक्ष के कुछ लोग हरवे-हथियार के साथ बिहुला देवी के घर पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद आरोपित पक्ष की ओर से गाली गलौज करते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया। मारपीट में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। गंभीर अवस्था में स्वजन उसे इलाज के लिए मोहनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सक ने घायल की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। यहां लाने पर आन ड्यूटी चिकित्सक ने जांच के उपरांत महिला को मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल में ही रखा गया। पुलिस फिलहाल मामले को लेकर कुछ भी नहीं बता रही है। स्वजन के शिकायत के बाद ही किसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर दो पक्षों में तनाव की स्थिति बनी है।


