Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके में उपद्रवियों का इतना मन बढ़ गया है कि अब पुलिस वालों पर हमला करने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। ताजा मामला नंदन पहाड़ इलाके का है। जहां उपद्रवियों ने शराब के नशे में पुलिसकर्मियों पर ईंट और पत्थर से हमला कर दिया। इसे लेकर गिरिडीह जिला बल के एएसआई सरवन कुमार सिंह ने नगर थाना में आवेदन देकर शिकायत किया है।
बताया जाता है कि देवघर-दुमका रेल लाइन स्थित सिंघवा रेल ओवरब्रिज के समीप सागर मिस्टान्न भंडार में कुछ लड़के मंगलवार शाम करीब 6:40 बजे घुसे व वहां शराब पीने लगे। वहां ड्यूटी पर मौजूद श्रावणी मेला अस्थायी ओपी-17 में कार्यरत जमशेदपुर जिला बल के एक जवान ने उनलोगों को शराब पीने से मना किया। देखते-देखते बात बढ़ गयी और शराब पीने आये युवक पुलिस से बकझक करने लगे।
पुलिस पर वे लोग इंट-पत्थर फेंकने लगे। उक्त पुलिसकर्मी ने साथियों को बुलाने के लिये शोर मचाया। शोर सुनकर अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे और उनलोगों को खदेड़ना शुरु किया। दो युवकों को खदेड़कर पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया व अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
पकड़े गये युवकों में खरवारी निवासी सिकंदर महथा व बरमसिया विश्वेश्वरैया कॉलोनी निवासी दीपक चौधरी शामिल है। बाद में पकड़े गये इन दोनों युवकों को लाकर ओपी-17 के पुलिसकर्मियों ने नगर थाने को सौंप दिया।
इस संबंध में पुलिसकर्मियों पर इंट-पत्थर व होटल का बरतन फेंक कर हमला करने व पुलिसकर्मी सतीश प्रसाद गुप्ता की वर्दी फाड़ने को लेकर नगर थाने में गिरिडीह जिला बल के एएसआई श्रवण कुमार द्वारा लिखित शिकायत दी जा रही है। इन युवकों के अन्य साथियों के नाम-पता जानने के लिये नगर थाने की पुलिस इन दोनों से पूछताछ कर रही है।