Ranchi: रांची के चर्चित सीपीएम लीडर सुभाष मुंडा हत्याकांड (Ranchi famous CPM leader Subhash Munda murder case) में पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा है। इनमें हत्या की साजिश रचने वाला भी शामिल है। उसका नाम छोटू खलखो बताया जा रहा है।

प्रारंभिक पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि उनकी हत्या की पीछे जमीन डील से जुड़ा विवाद है। पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस आधिकारिक तौर पर मामले का खुलासा करेगी। सुभाष मुंडा की हत्या बीते 26 जुलाई को रांची के दलादिली स्थित उनके दफ्तर में घुसकर कर दी गई थी।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गये थे। इसके विरोध में सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए थे। आदिवासी संगठनों ने एक दिन का रांची बंद भी रखा था। इस मामले में एसएसपी ने नगड़ी थानेदार को सस्पेंड कर दिया था। अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नगड़ी इलाके के रहने वाले जमीन कारोबारी छोटू खलको ने माकपा नेता की हत्या की साजिश रची थी। इसके पीछे करोड़ों की जमीन की डील को लेकर विवाद था। उस पर जमीन कारोबारी और सुभाष मुंडा दोनों ही दावेदारी कर रहे थे। इस जमीन को लेकर दो महीने पहले दोनों में जमकर विवाद हुआ था।
इस विवाद के दौरान दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। हालांकि इस मामले की जानकारी सुभाष मुंडा ने पुलिस को नहीं दी थी।
इधर गुरुवार को सीपीएम की वरिष्ठ नेत्री वृंदा करात ने दलादिली चौक पर सुभाष मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर सैकड़ों लोग मौजूद रहे। ऐलान किया गया कि दलादिली चौक को अब सुभाष मुंडा चौक के नाम से जाना जाएगा। प्रतिमा स्थापित करने के लिए स्थानीय ग्राम सभा की ओर से प्रस्ताव पारित किया गया था।



