
Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के तेलंगवाडीह गांव में रविवार की रात को एक पिता और बेटे की कुछ बात को लेकर विवाद हो गया। लड़ाई- झगड़े के बाद पहले बेटा धर्मवीर पासी ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसे फांसी से उतारकर परिजनों ने इलाज के लिये देर रात को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद उसका पिता विष्णु पासी रात को ही घर से गायब हो गया।

सोमवार सुबह गांव वालों को जानकारी मिली की विष्णु का शव देवीपुर थाना क्षेत्र स्थित शंकरपुर सिरसिया कटींग के पास रेलवे लाईन पर क्षत विक्षत अवस्था में पड़ा है। उपरांत इसकी जानकारी देवीपुर पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही देवीपुर पुलिस वहां पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।

मृतक के छोटे भाई ब्रह्मा पासी ने बताया कि रविवार की रात को दोनों बाप-बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी क्रम में धर्मवीर ने अंदर से कमरा बंद कर पंखा के सहारे गमछी से फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। बताया कि भाई के घर में हो हल्ला सूनकर सभी लोग दौड़े। उपरांत घर का दरवाजा तोड़कर धर्मवीर को फांसी के फंदे से उतारकर इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। बताया कि रात को ही उसका बड़ा भाई विष्णु पासी घर से गायब हो गया। सुबह 10 बजे दिन में पता चला कि उसका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा है।


