Dumka: दुमका नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने शुक्रवार की रात प्रदीप भालोटिया के बंद घर में लगे आठ ताला को तोड़कर 1.60 लाख नकदी सहित करीब दस लाख के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार को रिश्तेदारों से चोरी की जानकारी मिलने के बाद बेटे कृष्णा भालोटिया ने नगर थाना में मामला दर्ज कराया। रविवार को पुलिस की टीम ने जाकर स्थल की जांच की।

हालांकि जिस घर में चोरी हुई,वहां आसपास घरों में लगे अधिकांश सीसीटीवी बंद मिले, लेकिन एक में दो महिला और दो पुरुषों का चेहरा कैद हो गया। धनबाद में रहने वाले कृष्णा ने बताया कि माता पिता समेत घर के पांच सदस्य पांच जुलाई को तीर्थ यात्रा पर दक्षिण भारत चले गए। घर में आठ ताला लगे हुए थे।

शनिवार की सुबह रिश्तेदारों ने घर का मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ देखकर सूचित किया। दिन में धनबाद से आकर जांच की। वह घर में नहीं रहता था, इसलिए चोरी गए सामान की जानकारी पुलिस को बता पाना संभव नहीं था। उसने फोन पर मां को चोरी की जानकारी दी। मां ने उसे बताया कि कहां पर जेवरात के साथ रुपया पैसा रखा था। कृष्णा ने जब जगह को देखा तो सारा सामान गायब मिला।
उसने एक सौ नंबर पर काल किया, लेकिन शाम तक कोई नहीं आया। बाद में पुलिस के एक पदाधिकारी ने आकर जांच की। रविवार को एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने भी स्थल की जांच की। कृष्णा ने पुलिस को बताया कि चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर आए और सारी अलमारियों को खंगालने के बाद कीमती सामान बटोरकर दूसरे दरवाजे से गली की ओर निकल गए।
चोर नकद 1.60 लाख के अलावा आठ से नौ लाख के जेवरात भी ले गए। बताया कि इसी साल जनवरी में उसकी शादी हुई। पत्नी का कुछ जेवर भी अलमारी में रखा था। चोरों ने एक ग्रिल का ताला काटने से पहले उसे जलाया भी। पुलिस को मुहल्ले के एक सीसीटीवी से दो महिला और दो पुरुष संदिग्ध हालत में घूमते हुए कैद हुए हैं। (HS)



