
Deoghar: देवघर जिला के मधुपुर थाना क्षेत्र स्थित टिटहिया बाँक में घर के पीछे में खुले में शौच करने गयी एक पाँच साल की बच्ची अलिसा खातुन की मौत अज्ञात जानवर द्वारा नोचने व काटने से हो गयी।

बताया जा रहा है कि आफताब अंसारी की पाँच वर्षीय पुत्री अलिसा खातुन को उसकी माँ सोमवार सुबह सात बजे शौच के लिए अपने घर के पीछे बैठा कर घर चली आयी। आधा घंटा बीत जाने के बाद भी जब अलिसा घर नहीं लौटी तो माँ ने उक्त स्थल पर जाकर देखा तो बच्ची वहाँ नही थी। तभी उनके द्वारा खोजबीन करने पर बच्ची समीप के एक गड्ढे में लहुलुहान व बेहोशी की अवस्था में मिली।

आनन फानन में परिजनो ने बच्ची को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। जहाँ ऑन ड्यूटी डॉक्टरो ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर आशंका जाहिर की जा रही है कि बच्ची को अकेला देखकर किसी जंगली कुत्ते या सियार ने बच्ची पर हमला कर दिया होगा।
बताया जा रहा है कि घटना स्थल के आस पास झाड़ीनुमा जंगल है। मृतका के पिता मुम्बई में काम करते हैं। इधर घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


