
Ranchi: भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री से एसआईटी गठन कर राज्य भर में जमीन घोटाले की जांच करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि राजधानी रांची में सेना की जमीनों पर फर्जी दस्तावेजों के जरिये कब्जे का मामला सामने आया है। देवघर में मंदिरों की जमीनों का सौदा भी दिखाता है कि राज्य में बहुत बडे़ पैमाने पर सरकारी जमीनों की जालसाजी हो रही है। जमीनों का फर्जीवाड़ा केवल रांची में ही नहीं बल्कि धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, पलामू जैसे जिलों में भी हो रहा है।

जिलों में जमीन के फर्जीवाड़े के सैकड़ों मामले चल रहे हैं, जिसकी जांच काफी धीमी है। ऐसे में भू माफियाओं एवं इसमें संलग्न भ्रष्ट अधिकारियों पर जल्द कार्रवाई संभव नहीं दिखता है। ऐसे में पीड़ित को समय पर न्याय भी नहीं मिल पाता।
उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय के पास जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े के इतने मामले सामने आ रहे हैं कि जमीन घोटाले की जांच किसी एक एजेंसी के बूते की बात नहीं है।
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि हाईकोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश की अध्यक्षता में एसआईटी गठित कर तय समय सीमा के अंदर जमीन घोटाले की जांच राज्य भर में करवाएं।


