
Deoghar: झौसागढ़ी मोहल्ला निवासी मिथिलेश कुमार चौधरी ने नगर थाना में जालसाजी कर छह लाख रुपये ठगी कर लिए जाने का मामला दर्ज कराया है। मामले में बांका जिला के बौंसी निवासी श्रीकांत चौधरी को आरोपित बनाया गया है।

दर्ज मामले में पीड़ित का कहना है कि उनका बाबा बैद्यनाथ कंस्ट्रक्शन के नाम से एक फर्म है। जो होटल, घर, कारखाना, रोड, नाला, मोबाइल टावर सहित सभी सरकारी-गैरसरकारी में सिविल और इलेक्ट्रानिक काम करता है। आरोप है कि आरोपित ने होटल गोकुल बिहार व मोबिल कारखाना में सिविल व इलेक्ट्रीकल काम कराने की बात कही। काम खत्म होने के बाद भुगतान करने की बात कही गई। काम पूरा होने के बाद आरोपित से पैसे की मांग की गई तो आरोपित ने दो-दो लाख रुपये का चेक थमा दिया। रुपयों की निकासी के लिए चेक को बैंक में जमा कराया गया लेकिन बैंक ने खाते में राशि नहीं होने की बात कहते हुए चेक लौटा दिया। इसके बाद आरोपित से फोन पर संपर्क करने के लिए कई बार कॉल किया लेकिन आरोपित ने फोन रिसिव नहीं किया।

मामले को लेकर अधिवक्ता के माध्यम से लीगल नोटिस भी भेजा गया लेकिन आरोपित ने उसका भी कोई जबाव नहीं दिया। इधर मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है।


