
Deoghar: देवघर जिले में साइबर अपराधी का ठगी का कारनामा लगातार जारी है। पुलिस इन्हें पकड़ कर जेल भी भेजती है लेकिन निकलने के बाद दुबारा उसी अपराध में जुड़ जाते हैं। साइबर ठगों ने जिले दो अलग- अलग थाना क्षेत्र के लोगों से लगभग एक लाख 18 हजार रूपये की ठगी को अंजाम दिया है।

पहला मामला देवीपुर थाना क्षेत्र के गमरडीह के रहने वाले नरेन्द्र कुमार पासवान से एक क्रेडिट कार्ड अपग्रेड करने के नाम पर एक लाख 6 हजार 272 रूपये की ठगी कर ली। इसे लेकर उसने साइबर थाना में आवेदन देकर शिकायत किया है। कहा है कि उसके मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड अपग्रेड करने को लेकर एक कॉल आया। जिसके झांसे में आकर उसने अपने क्रेडिट के बारे में सारी जानकारी दे दी। उपरांत उसके क्रेडिट कार्ड के माध्यम से पहली बार 99 हजार 372 रूपये और दूसरी बार 7 हजार रूपये की अवैध निकासी कर ली गयी।

वहीं दूसरी ठगी की घटना पथरौल थाना क्षेत्र के मझियाना निवासी प्रदीप कुमार पांडेय के साथ घटी। उसने क्वीक मनी एप से 7800 रूपये लोन लिया था। लोन के एवज में उसे 14 जून तक 13 हजार रूपये पे करने के लिये बोला गया था। उपरांत उसने 13 जून को ही यूपीआई के माध्यम से 13 हजार पेमेंट कर दिया। पेमेंट करने के बावजूद उसके वाट्सएप पर तरह- तरह की धमकी देकर और पेमेंट करने को कहा जाने लगा।
तंग आकर वह साइबर थाना पहुंचा और इसकी शिकायत दी। साइबर पुलिस आवेदन लेकर जांच में जुट गयी है।



