Deoghar: भारतीय जनता पार्टी के द्वारा प्रत्येक लोकसभा में मोदी सरकार के सेवा के 9 साल पूरे होने को लेकर विशाल जनसभा का आयोजन हो रहा है। इसी कड़ी में देवघर के शिवलोक परिसर में भी मोदी सरकार के सेवा समर्पण के 9 साल को लेकर भव्य जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार वसुंधरा राजे सिंधिया जनसभा को संबोधित करने के लिए आज देवघर पहुंची। जहां सबसे पहले देवघर एयरपोर्ट में कार्यकर्ताओं के द्वारा गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया गया।

ढोल, नगाड़े, पुष्प वर्षा के बीच वसुंधरा राजे का स्वागत देवघर की धरती पर किया गया। देवघर के शिव लोक परिसर में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, वसुंधरा राजे सिंधिया, विधायक रणधीर सिंह, विधायक अमित मंडल, विधायक नारायण दास मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर सबसे पहले भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा वसुंधरा राजे सिंधया को बड़ा माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। वसुंधरा राजे द्वारा जनसभा को संबोधित करने से पहले मंचासीन सांसद व सभी विधायकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 9 साल को लेकर जनता को संबोधित किया।

देवघर के शिव लोक परिसर में जनसभा को संबोधित करने पहुंची वसुंधरा राजे सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के बेमिसाल 9 वर्ष को लेकर प्रधानमंत्री के किए गए कार्यों को जनता के बीच रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार गरीबों के लिए कार्य कर रहे हैं, एक ओर जहां कांग्रेस 55 वर्ष तक जो कार्य नहीं कर पाई वही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 साल में उस काम को करके दिखाया है। हालांकि झारखंड और बिहार जब अलग हुआ था उस समय अटल बिहारी वाजपेई की सरकार थी और उस समय इसलिए अलग किया गया था कि यहां पर खनिज संपदा काफी है। लेकिन मौजूदा सरकार इस खनिज को लूटने में लगी है और जिस तरह से लगातार झारखंड के अधिकारी जेल जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पर कई आरोप लगे हैं, यह दर्शाता है कि किस तरह से झारखंड में लूट खसोट का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किए गए कार्यों को जनता को बताते हुए बताया कि जिस तरह से स्वास्थ्य के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों के लिए आयुष्मान योजना लेकर गरीबों के बीच आए उसी तरह कोरोना काल में गरीब कल्याण योजना के तहत गरीबों को चावल दिया गया। इसके साथ ही गैस की बात करें तो उज्जवला योजना के तहत हर घर हर गांव हर कस्बे में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है। साथ ही इस पिछड़े क्षेत्र में एम्स और एयरपोर्ट देना यह प्रधानमंत्री के कार्य को दर्शाता है।

वही जनसभा को संबोधित करते हुए वसुंधरा राजे सिंधिया ने कहा कि इस बार झारखंड के 14 की 14 सीटों को भाजपा की झोली में डालना है। ताकि यह विकास का कार्य निरंतर चलता जाए, और पूरे झारखंड में विकास की बयार आ सके। यह बाबा बैजनाथ की नगरी है इससे पहले भी एक बार जब यहां पहुंचे थे तो काफी दिक्कत हुई थी। वहीं इस बार जब बाबा बैजनाथ की नगरी आए है तो पहुंचने में काफी सरलता हुई। क्योंकि यहां देवघर में एयरपोर्ट बन चुका है ऐसे ही कई कार्यों को जनता के बीच रखा और लोगों को भाजपा की सरकार और इस राज्य में भाजपा की सरकार बनाने को लेकर जनता को संबोधित किया।
वहीं, जनसभा को संबोधित करते हुए गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दिशानिर्देश में भाजपा की सरकार ने आज 9 वर्ष पूरे किए हैं। जनसेवा का यह 9 साल बेमिसाल रहा है। पूरे गोड्डा लोकसभा में एक लाख करोड़ से भी ज्यादा का योजना कार्यशील है। वही देवघर जैसे पिछड़े क्षेत्र में एयरपोर्ट, एम्स, प्लास्टिक पार्क देना प्रधानमंत्री के दूरदर्शिता को दर्शाता है, और आज देवघर की धरती पर इस जनसभा को संबोधित करने राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया पहुंची है। जिसके बाद लोकसभा में और भी मजबूती से भाजपा इस बार भी जीत दर्ज करेगी।
गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि इस वर्ष 8 लाख से अधिक भाजपा को वोट मिलने जा रहा है। जनता का भरपूर समर्थन माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिला है, और इस चुनाव में भी भरपूर साथ जनता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिलेगा।



