Ranchi: झारखंड में दस दिनों के अंदर मानसून प्रवेश कर जायेगा। मानसून के 18 जून तक पहुंचने की संभावना है। इससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, इसके पहले गर्मी परेशान करेगी लेकिन 11 जून के बाद थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। राज्य में अभी 11 जून तक लू चलने की संभावना है।
रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने शुक्रवार को बताया कि आज गोड्डा जिले का तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया। सुबह दस बजे 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद देवघर का तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस रहा। पलामू 42.6 डिग्री सेल्सियस, पश्चिमी सिंहभूम, गिरिडीह, साहेबगंज में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची का तापमान इस दौरान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
विभाग के मुताबिक 11 जून तक राज्य के पूर्वी और मध्य क्षेत्र में लू का असर देखा जायेगा। लू से मुख्य रूप से दुमका, पाकुड़, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, बोकारो, रांची, गुमला, हजारीबाग, खूंटी आदि जिलों में लू का असर देखा जायेगा। 11 जून से राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। हालांकि, इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है। वहीं, 12 जून से पूर्वी दक्षिणी और मध्य इलाके में बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है। इसमें मुख्य रूप से दुमका, गिरिडीह,पाकुड़ , गोड्डा, साहेबगंज, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम आदि जिले शामिल हैं।