
Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के डाबर ग्राम बसंत विहार कॉलोनी में आम के पेड़ से फिसल कर गिरने के कारण एक एएसआई की मौत हो गई। मृतक का नाम 50 वर्षीय टुनटुन कुमार है जो मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। मृतक धनबाद जिला के हरिहरपुर थाना में कार्यरत था।

पुलिस को दिए बयान में मृतक के पुत्र किशन कुमार ने कहा है कि 5 दिन पूर्व ही पिता छुट्टी पर जसीडीह स्थित घर पहुंचे थे। घर के बगल में आम का पेड़ है। मम्मी ने उन्हें पेड़ से अचार के लिए आम तोड़ने के लिए कहा। कहा है कि पिता आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ गए। उसी क्रम में उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़े। जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए देवघर के कुंडा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने दुर्गापुर रेफर कर दिया। दुर्गापुर पहुंचने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन वहां भी डॉक्टर ने सीटी स्कैन कराने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। पटना ले जाने के क्रम में गिरिडीह पहुंचते ही उनकी तबीयत और बिगड़ गई। अंततः उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां देखने के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इधर जानकारी मिलते ही बैधनाथ धाम ओपी प्रभारी विनोद कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


