
Deoghar: झारखंड सरकार ने सभी सरकारी अस्पतालों में आग से बचाव की व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, रांची, के निर्देश पर देवघर सदर अस्पताल में आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। इसमें करीब 1.20 करोड़ रुपये का खर्च आयेगा। इस सिस्टम के तहत किसी भी प्रकार की अगलगी की घटना होने पर सायरन बज उठेगा और पानी का फव्वारा आग को बेकाबू होने से रोकेगा। आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम लगने से न सिर्फ मरीजों, बल्कि डॉक्टर व कर्मचारियों की सुरक्षा भी पुख्ता होगी।

जमशेदपुर की क्रेशन इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी इस काम को करा रही है। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि इस काम को पूरा करने में करीब चार माह का समय लगेगा। अस्पताल के सभी बिल्डिंग समेत महिला वार्ड, पुरुष वार्ड, स्टोर, एनएनसीयू, इमरजेंसी, आइसीयू, जेरियाट्रिक समेत अन्य सारी वार्डों में तथा अन्य एरिया में पाइपलाइन के लिए जगह चिन्हित कर कार्य किया जायेगा। साथ ही बड़े और मोटे पाइप लगाने से पहले वेल्डिंग का कार्य किया जा रहा है। सिविल वर्क में अस्पताल के पीछे 25/15 फीट का वाटर हाईड्रेंट के लिए बड़ा टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही पानी की टंकी से पाइप लाइन के साथ पंप रूम में पैनल सिस्टम व एक मोटर लगाये जायेंगे, ताकि अस्पताल बिल्डिंग में पानी आपूर्ति की कमी नहीं हो।

इस संबंध में देवघर के सिविल सर्जन डॉ युगल किशोर चौधरी ने कहा कि सदर अस्पताल में यह सिस्टम आपातकालीन स्थिति से निबटने के लिए लगाया जा रहा है। इसके लगने से अगलगी की घटनाओं पर समय रहते काबू पाया जा सकेगा। इसे जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही लगातार इसकी मॉनिटरिंग भी की जा रही है


