
Ranchi: झारखंड के मौसम का मिजाज पिछले सप्ताह से ही बदला है। राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा और आंधी भारी नुकसान किया है, कई जिलों में जमकर बारिश भी हुई है। झारखंड में बदले मौसम के मिजाज ने थोड़ी राहत दी है लेकिन तापमान में कोई खास असर नहीं पड़ा है। अब मौसम विभाग ने 30 और 31 मई को आंधी और बारिश की संभावना जाहिर की है, इसे लेकर अलर्ट भी जारी कर दिया गया है।

जिन जगहों पर सबसे ज्यादा बारिश और आंधी का खतरा है उनमें राज्य के उत्तर-पूर्व का हिस्सा शामिल हैं। इनमें देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, दक्षिणी भाग के पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसांवा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

इसके साथ ही राज्य के मध्य हिस्से जिसमें राजधानी के साथ- साथ बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ आये हैं यहां वज्रपात की संभावना जाहिर की गयी है। इसके साथ ही हवा की रफ्तार भी 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती है।
वहीं, 31 मई के बाद एक बार फिर गर्मी सतायेगी।मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 31 मई के बाद अगले पांच दिनों तक तापमान में 5 डिग्री तक बढ़त आ सकती है।



