
Deoghar: देवघर जिले के 194 पंचायतों में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से शत प्रतिशत सुयोग्य लाभुकों को लाभान्वित करने की दिशा में उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के पहल पश्चात मुखिया ऑफ द मंथ कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त की अध्यक्षता में की गयी।

कार्यक्रम के तहत जिले के सभी मुखियाओं को अपने-अपने पंचायतों में बेहतर व जमीनी स्तर पर कार्य करने के लिए प्रोत्साहन और बढ़ावा देने का कार्य शुरू किया गया। साथ ही इस कार्यक्रम के अंतर्गत देवघर जिला के सभी पंचायतों में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रत्येक माह सक्रिय रूप से भागीदारी एवं जनविकास योजनाओं में अच्छे कार्य करने वाले सर्वश्रेष्ठ मुखिया को जिला स्तर पर सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।

इसके अलावे सभी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ मार्च महीने के कार्यों की समीक्षा करते हुए फुरखन अंसारी – पंचायत, बसाहा, प्रखण्ड पालोजोरी को मुखिया ऑफ द मंथ मार्च 2023 घोषित किया गया है। वही द्वितीय स्थान पर पुष्पा देवी, पंचायत- टेकरा, प्रखण्ड करौं के अलावा तृतीय स्थान पर मुकेश कुमार पंचायत- रढ़िया, प्रखण्ड मोहनपुर हैं।
इसके अलावे मुखिया ऑफ द मंथ घोषित करने की प्रक्रिया के तहत सबसे पहले सरकार के महत्वपूर्ण योजनाओ को नजर मे रखते हुए डीसी सेल के द्वारा एक चेकलिस्ट तैयार किया गया, जिसके आलोक मे सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी द्वारा प्रत्येक प्रखण्ड से 2 मुखियाओं का चयन किया, जिसके पश्चात जिला स्तरीय कमेटी के द्वारा बेहतर कार्य करने वाले 5 मुखियाओं को चुना गया एवं कमिटी के द्वारा इन 05 मुखियाओं के पंचायतों में किये गये कार्यों को क्रॉस वेरिफिकेशन सर्वे के माध्यम से जांच किया गया, जिसके पश्चात मुखिया ऑफ द मंथ घोषित किया गया।


