
Deoghar: बाबानगरी में जुलाई से लेकर अक्टूबर माह तक लगातार धार्मिक मेला का दौर चलेगा। विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेले से शुरूआत होकर भादो के अढ़ैया मेला तक अनवरत मेला वैसे तो हर वर्ष बाबानगरी में लगता है। लेकिन, इस वर्ष उसी अवधि में एक मास का मलमास मेला भी लगने के कारण कुल 95 दिनों का मेला देवघर में लगेगा।

पुरोहित ने बताया कि 3 जुलाई को गुरु पूर्णिमा है। विधिवत उसी दिन श्रावणी मेले का उद्घाटन हो जाता है। वहीं 4 जुलाई से श्रावणी मेले के प्रथम पक्ष की शुरूआत हो जाएगी। वह 17 जुलाई तक लगातार चलेगा। वहीं 17 जुलाई आमावस्या तिथि पर बिहार के राजगीर में मलमास को लेकर झंडा गाड़ा जाएगा। 18 जुलाई से बाबानगरी में भी मलमास मेला शुरू हो जाएगा। वह अनवरत एक माह तक 16 अगस्त तक चलेगा।

मलमास मेला समापन के उपरांत 17 अगस्त से पुनः शुक्ल पक्ष श्रावण मास की शुरूआत हो जाएगी। ऐसे में श्रावणी मेले का विधिवत समापन 31 अगस्त को माना जाएगा।
वहीं 1 सितंबर से बाबानगरी में प्राचीनतम पंजीकृत मेले में एक भादो मेले की शुरूआत हो जाएगी। आगामी 29 सितंबर तक भादो मेला चलेगा। वहीं 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बाबानगरी में अढैया मेले का आयोजन किया जाएगा।
ऐसे में श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए प्रशासन को 95 दिनों के मेला के हिसाब से तैयारी करनी होगी। हालांकि, श्रावणी मेला की तैयारी प्रशासन द्वारा शुरू कर दी गई है।


