Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के दुर्गापुर मोड़ स्थित ठाड़ीदुलमपुर इलाके में शनिवार की देर रात को 5-6 की संख्या में पहुंचे नकाबपोश बदमाशो ने एक घर में डकैती को अंजाम दिया है। बदमाशों ने गृहस्वामी पर जानलेवा हमला कर लगभग 1.75 लाख नकद एवं 25 हजार कि संपत्ति की डकैती कर ली। डकैतों के मारपीट से घायल हुए गृहस्वामी का नाम चंदन कुमार गुप्ता है। उसे इलाज के लिए देर रात को ही आसपास के लोगों कि मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चंदन ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। डकैतों द्वारा इस घटना को लगभग 2:00 बजे रात के आसपास अंजाम दिए जाने कि बात बताई जाती है। घटना की जानकारी मिलने के बाद लगभग ढाई घंटे बाद कुंडा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और घायल गृहस्वामी चंदन गुप्ता से पूछताछ किया।
इस तरह से दिया गया डकैती को अंजाम
गृह स्वामी चंदन गुप्ता की पत्नी ममता देवी ने बताया कि उसे दो लड़की और एक लड़का है। बताया कि एक कमरे में सभी बच्चे सोए थे और दूसरे कमरे में है वह पति पत्नी। रात के करीब 2:00 बजे किसी ने उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया। उसे लगा कि बच्चे लोग उठ गए हैं वही दरवाजा खटखटा रहे हैं। उसके पति ने जैसे ही दरवाजा खोला वैसे ही 5-6 की संख्या में नकाबपोश बदमाश कमरे में घुस गए और रड और लोहे के पाइप से उसके पति पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया कि सरकारी आवास लगभग 1.75 लाख रूपये मिला था उसे घर में ही रखे थे। डकैत उक्त रुपए के साथ-साथ कपड़ा से भरा पेटी और बक्सा भी लेकर चले गए और उसके गले से सोने का मंगलसूत्र भी खींच लिया। बताया कि लगभग दो लाख रुपए की संपत्ति की डकैती कर ली गई।
ममता ने बताया कि डकैतों के जाने के बाद वह चिल्लाई। लेकिन डकैतों ने आसपास के चार पांच घरों के गेट का बाहर से कुंडी लगा दिया था। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने उसके मोबाइल पर फोन किया। उपरांत चंदन के बच्चे ने जाकर पड़ोसियों का गेट खोला तब आसपास के लोग उसके घर पहुंचे। तदुपरांत चंदन की ऑटो से ही पड़ोसियों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। इधर मामले की जानकारी मिलते ही कुंडा पुलिस छानबीन में जुट गई है।