
Deoghar: देवघर सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में बुढ़ई थाना क्षेत्र निवासी उमेश राउत की मौत हो गई है। उसकी मौत जहर खाने से होने की बात कही जा रही है।

इस संबंध में मृतक की मां अनिता देवी ने पुलिस को दिये बयान में कहा है कि 18 मई को उसका बड़ा पुत्र उमेश व उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। मामले को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। जिसमें उमेश का ससुर नरेश राउत, श्याम लाल राउत सहित फुफा, साढ़ू व साला भी शामिल हुए थे। पंचायत के दौरान दोनों के बीच सुलह समझौता कराया गया। इसके बाद उसके ससुरालवाले अपने रिश्तेदार श्यामलाल राउत के घर चले गए। जहां उनलोगों ने रात गुजारा। 19 मई की सुबह सभी ससुरालवाले उमेश के घर पहुंचे। कुछ देर बाद कमरे से बाहर निकलकर उसे बताया कि उनका पुत्र उमेश ने जहर खा लिया है। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई है। इतना कहने के बाद ससुरालवालों के साथ उमेश की पत्नी दोनों बच्चों को साथ लेकर वहां से चली गई।

अंदर जाने पर उसे गंभीर हालत में पड़ा हुआ पाया। आसपास लोगों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा था कि उसी क्रम में उसकी मौत हो गई। मौत की जानकारी होने के बाद भी ना तो उसकी पत्नी और ना ही ससुराल से कोई भी सदस्य मिलने आया।
मृतक की मां का दावा है कि ससुरालवालों ने मिलकर उसे जहर खिला दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। बैद्यनाथधाम ओपी की पुलिस ने दर्ज फर्द बयान पर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को भेज दिया है।


