Deoghar: देवघर स्थित कुमैठा स्टेडियम में तीन दिवसीय संताल परगना पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। जिसका उद्घाटन दुमका प्रक्षेत्र के डीआईजी सुदर्शन मंडल व देवघर एसपी सुभाष चन्द्र जाट ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया। मौके पर मौजूद पदाधिकारियों द्वारा गुब्बारा छोड़ कर कार्यक्रम की शुरूआत की गई। प्रतियोगिता में संताल परगना के देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहेबगंज, जामताड़ा के प्रशिक्षु पुलिस जवानों ने भाग लिया।
डीआईजी ने पुलिस जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग में खेलकूद जीवन का एक हिस्सा है जो पुलिस जवान व पदाधिकारी को प्रतिदिन कराया जाता है। संताल परगना के खिलाड़ी पूरे झारखंड में अपना अलग दबदबा बीते 12 सालों बनाए हुए हैं। टीम ने केवल झारखंड ही नहीं बल्कि नेशनल गेम में भी उम्दा प्रदर्शन किया है।
बता दें कि प्रथम दिन खेल कूद के 100 मीटर दौड़ में महिला वर्ग में प्रथम साहेबगंज जिला के सेलेशटीना बेसरा, द्वितीय गोड्डा जिला के संगीता कुमारी और तीसरे स्थान पर देवघर जिला के नंदिनी कुमारी, पुरुष वर्ग में प्रथम देवघर जिला बल के सुनील किस्पोट्टा, दूसरे स्थान पर दुमका जिला बल के रमेश हेम्ब्रम और तीसरे स्थान पर गोड्डा जिला बल के श्रीकांत मरांडी को मिला। सभी विजेता प्रतिभागियों को डीआईजी ने मेडल देकर सम्मानित किया है।
इस मौके पर दुमका एसपी अम्बर लकड़ा, गोड्डा एसपी नाथू सिंह मीना, जामताड़ा एसपी मनोज सर्वगियारी देवघर एसडीपीओ पवन कुमार मौजूद थे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में तेजू माधव, नीलमणि, रमेश हेम्ब्रम, सुनील किस्पोट्टा सोनेलाल मुर्मू, बाबू राम टुडू, मानिकचंद्र डे, श्रीकांत मरांडी,और बेलसेन सोरेन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।