
Jaipur: भाजपा के प्रदेश मंत्री और पूर्व संसदीय सचिव (BJP state president and former parliamentary secretary) जितेंद्र गोठवाल ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (Congress National General Secretary Priyanka Gandhi) को दिल्ली से जयपुर का कन्फर्म रेल टिकट भेजकर जयपुर आने का न्यौता दिया है। उन्होंने टवीट में तंज कसते हुए लिखा कि ‘राजस्थान में कांग्रेस विधायक के बेटे ने एक नाबालिग से बलात्कार किया है, नाबालिग आपके विधायक के बाहुबल के आगे लड़ नहीं पा रही है।’ तुरंत जयपुर आइए, क्योंकि राजस्थान में भी लड़कियां हैं, लड़ नहीं पा रहीं है।

राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधायक के बेटे सहित पांच लोगों के खिलाफ नाबालिग से गैंगरेप का एक मामला सामने आने के बाद सियासत गर्मा गई है। भाजपा के प्रदेश मंत्री और पूर्व संसदीय सचिव जितेंद्र गोठवाल ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को इस शर्मनाक घटना का संज्ञान लेने के लिए दिल्ली से जयपुर का रेल टिकट बुक कराया है। गोठवाल ने टवीट में लिखा कि ‘राजस्थान में कांग्रेस विधायक के बेटे ने एक नाबालिग से बलात्कार किया है। नाबालिग लड़की आपके विधायक के बाहुबल के आगे लड़ नहीं पा रही।’ उन्होंने प्रियंका गांधी को टैग करते हुए लिखा कि ‘प्रियंका गांधी आपके लिए रेल की टिकट भेज रहा हूं, तुरंत जयपुर आइए, क्योंकि राजस्थान में भी लड़कियां हैं, लड़ नहीं पा रही हैं।’

गोठवाल ने इसके साथ ही दिल्ली से जयपुर का रेलवे टिकट भी टि्वटर हैंडल पर साझा किया है। ये टिकट उन्होंने प्रियंका गांधी के नाम पर बुक कराया है। ये टिकट 28 मार्च की कन्फर्म बुकिंग का है। गौरतलब है कि दौसा जिले के एक थाने में राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधायक के बेटे सहित पांच लोगों के खिलाफ नाबालिग से गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पीड़ित के चाचा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी साढ़े पन्द्रह वर्षीय भतीजी क्षेत्र में स्थित एक गांव के विद्यालय में दसवीं की छात्रा है। उसकी सोशल मीडिया पर विवेक शर्मा निवासी थूमड़ा से जान पहचान हो गई। गत 24 फरवरी को विवेक उसे बहला-फुसलाकर एक होटल में ले गया। रिपोर्ट के अनुसार आरोपितों ने नाबालिग पीड़ित की आपत्तिजनक फोटो खींच ली और वीडियो बना लिया। सभी ने ये धमकी दी कि यदि घटना के बारे में बताया तो उसके पिता और भाई को जान से मरवा देंगे।
रिपोर्ट के बाद राजगढ़ विधायक जौहरी लाल मीणा के पुत्र दीपक मीणा, विवेक शर्मा और नेतराम समलेटी सहित दो अन्य के खिलाफ सामूहिक बलात्कार और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।


