Deoghar: देवघर जिले के कुंडा सारवां मुख्य मार्ग पर शनिवार की देर रात को एक अनियंत्रित ट्रक के चालक ने बाइक सवार व्यक्ति को रौंद दिया। इस घटना में उक्त व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। मृतक का नाम सुरेन्द्र यादव है जो कुंडा थाना क्षेत्र के सल्लूरायडीह गांव का रहने वाला है।
बताया जाता है कि देर रात को वह अपनी बाइक से पांडेडीह स्थित एक तिलक समारोह में भाग लेकर वापस घर लौट रहा था। उसी दौरान पांडे मोड़ के पास ट्रक संख्या डब्लू बी 37 डी 2955 के चालक ने तेजगति एवं लापरवाही से वाहन को चलाते हुए उसके बाइक को रौंद दिया। जिससे उसके सिर के परखच्चे उड़ गये और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
जानकारी मिलते ही कुंडा पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी घटनास्थल पहुंची और आसपास के लोगों के सहयोग मृतक के शव को सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना के उपरांत चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ट्रक को जब्त कर थाना ले आयी। इसे लेकर कुंडा थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।