
Deoghar: बिहार के किशनगंज में बतौर ट्रांसपोर्ट इंफोर्समेंट इंस्पेक्टर विकास कुमार के झारखंड-बिहार के पांच ठिकानों पर एक साथ निगरानी टीम ने कार्रवाई की। बिहार निगरानी टीम के डीएसपी संजय जायसवाल, अभय रंजन व गोपाल कृष्णा, इंस्पेक्टर मुरारी प्रसाद, पुलिस इंस्पेक्टर उमाशंकर सिंह, एसआइ देवीलाल श्रीवास्तव की टीम ने नगर थाना की पुलिस के सहयोग से उनके देवघर स्थित दो ठिकानों पर पहुंचे। हालांकि एक मकान को पूर्व में ही बेचे जाने की वजह से यहां तलाशी नहीं ली जा सकी।

निगरानी टीम ने उनके कास्टर टाउन स्थित अर्पाटमेंट में विकास कुमार के फ्लैट पहुंची। टीम यहां सुबह 10:15 बजे पहुंची। टीम ने बारी-बारी से घर के हर एक कोने की तलाशी ली। इस दौरान टीम को ट्रांसपोर्ट इंफोर्समेंट इंस्पेक्टर के घर से जमीन से संबंधित कई दस्तावेज, एक दर्जन से अधिक विभिन्न बैंकों का पासबुक, कई चेकबुक, एटीएम कार्ड सहित जेवरात मिले।

तलाशी के दौरान मिले सभी चीजों को सूचिबद्ध कर लिया है। बताया गया कि ट्रांसपोर्ट इंफोरसमेंट इंस्पेक्टर के खिलाफ निगरानी थाना पटना में मामला दर्ज कराया गया है। अनुसंधान के क्रम में प्राप्त जानकारी के आधार पर निगरानी की टीम बिहार में किशनगंज सहित उनके पैतृक गांव बड़हिया और देवघर के दो सहित पांच ठिकानों में एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है।



