
Ranchi: झारखंड में बदले मौसम ने गर्मी से बड़ी राहत दी है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार सुबह से ही आकाश में बादल छाए हैं। देवघर सहित कई इलाकों में गर्जन के साथ हल्की बारिश हो रही है। तपती गर्मी से राज्य में बड़ी राहत मिल रही है। गर्मी के मौसम में प्री मानसून जोर पकड़ रहा है। प्री मानसून में बारिश अच्छी होने लगी है।

राज्य में मौसम का यही मिजाज अभी बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने दो मई तक इसी तरह के मौसम का अनुमान लगाया है। राज्य के ऊपर एक टर्फ बन रहा है। इसी का असर राज्य के सभी जिलों में नजर आ रहा है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि टर्फ के कारण ही आंशिक बादल बन रहे है। दो मई तक कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।

जिन इलाकों में बारिश होगी उनमें दक्षिणी और सटे मध्य झारखंड में गर्जन के साथ बारिश की संभावना है। आने वाले पांच दिनों के दौरान तेज हवा और गरज के साथ बारिश होगी। 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है।


