Deoghar: देवघर में त्रिकुट पर्वत पर रोप-वे हादसे के तीसरे दिन भी रेस्क्यू के दौरान हादसा हो गया। ट्रॉली से निकालते समय एक महिला अचानक गिरने लगी। सेफ्टी बेल्ट होने की वजह से जोरदार झटका लगा। इसके बाद टीम महिला की जमीन पर लैंडिंग कराने लगी। इसी दौरान वह गिर गई। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब ट्रॉली में सिर्फ 1 व्यक्ति बचा है।
तीसरे दिन 6 घंटे से ऑपरेशन चल रहा है। एयरफोर्स और आईटीबीपी के जवानों ने हेलिकॉप्टर से 2500 फीट ऊंचाई पर पहुंचकर रोप-वे की तीन ट्रॉलियों में फंसे 13 को निकाल लिया है।
ऊंचाई और तेज हवा होने की वजह से यह सबसे मुश्किल रेस्क्यू है। रेस्क्यू के दौरान एक जवान के पैर में चोट लग गई। इससे पहले दो दिन में 46 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। अभी छठी लाल साह फंसे हुए हैं।
महिला का नाम शोभा देवी है और वे बिहार की मधेपुरा की रहने वाली हैं। वह अपने परिवार के साथ वहां फंसी थीं।