
Jasidih (Deoghar): देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर पेट्रोल पंप के पास अपराधियों द्वारा हथियार का ख़ौफ दिखाकर एक पिकअप वैन लूट की घटना सामने आई है।

बेलोरो पिकअप वैन छिनतई की घटना को लेकर जसीडीह थाना में वैन चालक द्वारा जानकारी दी गई है।

बिहार के पटना स्थित दीदारगंज थाना निवासी अमोद प्रसाद के अनुसार उसने एक माह पूर्व नया बेलोरो पिकअप वैन खरीदा था। शुक्रवार की रात पटना सिटी से प्लास्टिक की कुर्सी लेकर दुमका गया था। वहां से लौटने के क्रम में जब वो चकाई पहुंचा तो उसके मोबाइल पर किसी व्यक्ति का फोन आया जिसने उसे शीतला मंदिर क्षेत्र में सामान भेजने की बात कही।
जिसके बाद वह पुनः लौटकर जसीडीह के मानिकपुर पेट्रोल पंप के समीप आया। जहां पर एक व्यक्ति ने उसे रोका और चार किलोमीटर आगे जाने की बात कह ले जाने लगा। बताया कि मुख्य सड़क से लगभग ढाई किलोमीटर आगे बढ़ने पर तीन मोटरसाइकिल पर सवार पांच से छह की संख्या में अपराधियों ने रिवाल्वर का भय दिखाकर वाहन को रोक दिया।
अपराधियों ने उप चालक फतुहा थाना के सुकूलपुर निवासी सुकेश राज को कब्जे में ले लिया। जबकि चालक सह मालिक अमोद प्रसाद अपराधियों के चंगुल से भाग निकला। उसने बताया कि वह रातभर जंगल में ही भटकते रहा।
बताया कि अपराधी पिकअप वैन, करीब 85 हजार नगद और मोबाइल को लेकर फरार हो गए हैं।
इधर, घटना को लेकर प्रभारी सह थाना प्रभारी जिशान अख्तर ने बताया कि पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। सूचना के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।


