
Patna: बिहार (Bihar) के पटना जिले के नौबतपुर थाना (Naubatpur Thana) क्षेत्र में एक महिला पर अपनी चाची और भाई को जलाकर जिंदा मार (Burnt Alive) देने का आरोप लगा है। घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने आरोपी महिला की जमकर पिटाई कर दी, बाद में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि नौबतपुर थाना क्षेत्र के कर्णपुरा गांव में जमीन बिक्री के पैसा को लेकर हुए विवाद में एक महिला ने अपनी चाची और चचेरे भाई को एक कमरे में बंदकर जिंदा जलाकर मार डाला।

सूचना मिलने के बाद ग्रामीण किसी तरह बचाने का प्रयास करते, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान कर्णपुरा गांव की शांति देवी (70) और उसके बेटे अविनाश कुमार के रूप में की गई है।

घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपी महिला माधुरी देवी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने लगे। इस घटना की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली, पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और आरोपी महिला माधुरी देवी को किसी तरह भीड़ के चंगुल से छुड़ाया।
नौबतपुर के थाना प्रभारी अनुराग दीपक ने बताया कि दोनों शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सभी कोणों से मामले की छानबीन कर रही है।
गांव के लोगों ने बताया की मृतका शांति देवी का भतीजी के साथ जायदाद को लेकर कोई विवाद था, जिसे लेकर दोनों में झगड़ा होता था। बताया जा रहा है कि आरोपी कुछ जमीन भी अपने नाम करवाना चाहती थी, लेकिन मृतका इसके लिए तैयार नहीं थी। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।


