Ranchi: रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के एदलहातु के आराधना गली के रहने वाले अपहृत नाबालिग शौर्य हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित संजीव कुमार पंडा को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपित मूल रूप से हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र का रहने वाला है। इसके पास से मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त स्वीफ्ट कार, फर्जी नंबर प्लेट का टुकड़ा सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
एसएसपी किशोर कौशल ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस कर मामले खुलासा करते हुए बताया कि आरोपित ने पैसे के लिए बच्चे का अपहरण किया और हत्या कर दी थी। आरोपित ने शौर्य को अगवा करने के एक घंटे बाद ही मार डाला था।
उन्होंने बताया कि संजीव शौर्य के पिता राजू गोप के घर में किराएदार के रूप में रहने वाले अपने बहन और बहनोई मिथलेश के साथ ही रहा करता था। बाद में वह अलग किराए के मकान में रहने लगा। उस पर सात लाख रुपये कर्ज था।
कर्ज को चुकाने के लिए उसने शौर्य को अगवा कर उसके पिता से फिरौती मांगने की योजना बनाई। उसने तीन फरवरी की देर शाम शौर्य को अगवा कर लिया। लड़के के शोर मचाने पर उसने घबराहट में शौर्य की हत्या कर दी।
इसके बाद संजीव ने शौर्य को बोरे में डाल उसका हाथ पैर बांधकर उसमें ईंट भर कर पानी में डाल दिया और वहां से सीधे हजारीबाग भाग गया। आरोपित संजीव एमबीए किया हुआ है। वह बंगलुरु में काम करता था।