
Hazaribag: हजारीबाग बंगाली दुर्गा स्थान के समीप मंगलवार रात 8:30 बजे एक महिला को अज्ञात ने दो गोली मार दी। महिला को घायल अवस्था में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लाया गया है, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया है।

घायल महिला पटना निवासी वेद प्रकाश की पत्नी प्राची प्रकाश (32) है। बताया गया कि वह हजारीबाग बंगाली दुर्गा स्थान स्थित संजीव मालाकार के यहां अपने नानी घर आई हुई है। वह शादी समारोह में शामिल होने आई है। वह अपने नानी घर में दरवाजे से प्रवेश कर रही थी तभी किसी ने दो गोली मारी।

एक गोली उसके पीछे कंधे पर लगी है और दूसरी गोली चेहरे पर लगी है। आखिर महिला को किसने और क्यों गोली मारी यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। साथ ही गोली मारने वाले की तलाश में शहर में छापामारी चल रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है।


