
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के कृष्णा टाकिज के पीछे अंडा पट्टी में शनिवार की देर रात गोलीबारी की घटना में दो पुलिस के जवान शहीद हो गए। मरने वालों में आरक्षी रवि मिश्रा व संतोष यादव शामिल हैं। मृतक आरक्षी रवि मिश्रा साहेबगंज जिला के नाढीदियारा का रहने वाला था जबकि संतोष यादव भागलपुर जिला के पिरपैंती थाना क्षेत्र के लकड़ाकोला गांव का रहने वाला। ये दोनों मछली कारोबारी सुधाकर झा के यहां पिछले कुछ दिनों से अंगरक्षक के पद पर कार्यरत थे।

सुधाकर झा के स्टाफ पर पिछली दिनों गोली चलाई गई थी। वहीं सुधाकर झा को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसी कारण उसे अंगरक्षक दिया गया था। शनिवार की देर रात किसी से सुधाकर का विवाद हो गया। उस वक्त दोनों बोडीगार्ड भी मौजूद थे। इसी दौरान नगर थाना की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। इसी क्रम में गोली चली और दोनों आरक्षी को गोली लग गई। वहीं एक गोली नगर थाना पुलिस की गाड़ी पर लगी।

दोनों जवानों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। देर रात को घटना की सूचना मिलने पर एसपी सुभाष चंद्र जाट, एसडीपीओ पवन कुमार, सीसीआर डीएसपी अलोक रंजन आदि ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। जानकारी मिलने पर सुबह संताल परगना के डीआइजी सुदर्शन मंडल भी देवघर पहुंच गए। उन्होंने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की।
अब दोनों आरक्षी की मौत बदमाशों की गोली या फिर पुलिस की गोली से हुई है ये स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की सघन जांच की जा रही है। मामले की प्रारंभिक जांच करने के बाद पता चला है कि गोली चली है जिस कारण दो आरक्षी की मौत हो गई है। डीआईजी ने बताया कि सुधाकर झा व पप्पू सिंह के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पप्पू सिंह पहले भी जेल गया है। थाना प्रभारी की गाड़ी पर गोली चलाए जाने की बात के बारे में पूछे जाने पर डीआइजी ने कहा कि अभी ये जांच का विषय है। डीआईजी सुदर्शन मंंडल ने कहा कि किसी परिस्थिति में और किसकी गोली से जवानों की मौत हुई है यह अभी जांच का विषय है। कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जायेगा। बताया कि पुछताछ के लिये कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।


