Deoghar: शनिवार की देर रात देवघर नगर थाना क्षेत्र के अंडा पट्टी में हुए गोलीबारी की घटना में दो जवानों की शहादत की खबर सुनते ही रविवार की सुबह दोनों जवानों के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। शव को देखते ही महिलायें और पुरूष दहाड़ मारकर रोने लगे। उनके क्रंदन से पुरा अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया। काफी संख्या में सदर अस्पताल में महिला और पुरूष सिपाही बल की तैनाती की गयी थी। रोते-दहाड़ते मृतक जवान के परिवार को पुलिसकर्मी संभालते दिखे।
पांच बहनों में एकलौता भाई था संतोष
मृतक जवान भागलपुर जिला के पिरपैंती लकड़ाकोला निवासी संतोष कुमार यादव पांच बहनों में एकलौता भाई था। संतोष को दो लड़का है जिसमें एक पांच और दूसरा तीन वर्ष का है। उसके पिता रघुबंश सिंह यादव भी दोनों पोतों को बांह में दबोच कर दहाड़ मारकर रो रहे थे। वह यही कह कर रो रहे थे की उसके बेटे को मछली व्यवसायी ने ही मार दिया। एकलौता था जो चला गया अब उनकी देख रेख कौन करेगा। परिवार के अन्य सदस्य बुजुर्ग को काफी समझाते दिखे।
शनिवार को ही रवि छुट्टी लौटकर ज्वाइन किया था ड्युटी
आरक्षी रवि मिश्रा शनिवार को ही अपनी ड्युटी पर लौटा था। उसे क्या पता था कि ड्युटी ज्वाइन करते ही वह शहीद हो जायेगा। रवि पहले जेल में आरक्षी के पद पर कार्यरत था। शनिवार से ही उसने सुधाकर झा के अंगरक्षक के रूप में तैनात हुआ था। रवि मिश्रा साहेबगंज जिला के नाढ़ीदियारा का रहने वाला था। उसके भाई शशी कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक भाई को एक 06 वर्ष की बेटी और ढाई वर्ष का बेटा है। सदर अस्पताल पहुंचे उसकी मां और मौसी का भी रो-रो कर बुरा हाल हो गया था।
पुलिस लाइन में दोनों जवानों को दी गई सलामी
राज्य के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख एवं पौड़ैयाहाट के विधायक प्रदीप यादव मृतक के परिजनों से मिलने सदर अस्पताल पहुंचे। मृतक जवान के परिजनों ने कृषि मंत्रि स दोनों को शहीद का दर्जा देने की मांग करने के साथ-साथ घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। जवानों के पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन ले जाया गया जहां सलामी दी गयी। सलामी के वक्त कृषि मंत्री के साथ पौड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव एवं संथालपरगना के डीआईजी सुर्दशन मंडल भी उपस्थित थे। कार्यक्रम स्थल से विशेष वाहनों के माध्यम से दोनों के शव को साहेबगंज के लिए रवाना किया।
कृषि मंत्री एवं डीआईजी से परिजनों ने की शहीद होने की दर्जे की मांग
सलामी के उपरांत परिजनों ने डीआईजी से भी मृतक को शहीद का दर्जा दिलाने की मांग की। दोनों के परिजन काफी आक्रोशित दिख रहे थे। कृषि मंत्री और डीआईजी ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया कि जो सरकारी प्रक्रिया है उसके तहत सभी सुविधा परिवार वालों को मिलेगा। वहीं कृषि मंत्री ने कहा कि इस विषय पर मुख्य सचिव से भी बात किया गया। विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है। इसकी जांच कर दोषियों के उपर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि वे सरकार से मांग करेंगें की पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द जितनी सरकारी सुविधा मिलनी चाहिए उसे उपलब्ध कराया जाये।
एसडीएम की देखरेख में हुआ पोस्टमार्टम
सदर एसडीएम दिपांकर चौधरी की देख रेख में तीन डॉक्टर की टीम ने दोनों जवानों का पोस्टमार्टम किया। जिसमें टीम में डॉ प्रभात रंजन, डॉ डी पासवान और डॉ रवि कुमार शामिल थे। मौके पर सदर एसडीपीओ पवन कुमार भी मौजूद थे।
दोनों मृत जवानों को लगी थी दो- दो गोली
दोनों आरक्षी को शरीर में दो-दो गोली मारी गयी थी। गोली में मारे गये जवान रवि मिश्रा को गर्दन और टूड्डी के पास गोली मारी गयी थी। दोनों गोली आर-पार हो गयी थी। वहीं संतोष यादव को एक गोली पंजड़ी के पास और दूसरी गोली पेट में मारी गयी थी। इसका भी दोनों गोली आर- पार हो गया था। संतोष के दाहिने जांघ में की भारी औजार से हमला किये जाने की बात बतायी जाती है।