Deoghar: शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे का देवघर आगमन हुआ। इस दौरान जामताड़ा के चर्चित विधायक इरफान अंसारी, सूबे के मंत्री बादल पत्रलेख ,बीस सूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। अविनाश पांडे ने बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना की।
मौके पर पत्रकारों से कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि देश और झारखंड का कल्याण हो, झारखंड में विकास होता रहे, एक दूसरे में भाईचारा बना रहे बाबा बैधनाथ से यह कामना किया है। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य से राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक के लोगों को एक करने के लिए जो यात्रा की है उन्हें ईश्वर सफल करें। साथ ही साथ झारखंड में हमारे सभी आदिवासी भाई, कमजोर वर्ग, महिला बच्चे सभी का बाबा कल्याण करें। आने वाले दिनों में पूरी झारखंड में खुशी ही खुशी हो।
श्री पांडे ने बताया कि पहली बार कांग्रेस के केंद्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का झारखंड की धरती पर आगमन हो रहा है। राज्य में एक विशाल रैली के माध्यम से हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम का शुभारंभ होने जा रहा है। हम लोगों का उद्देश्य झारखंड में मजबूत संगठन के साथ लोगों को कांग्रेस की विचारधारा बताते हुए उन्हें अपने साथ जोड़ना है।
वहीं बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लेने बाबा मंदिर पहुंचे इरफ़ान अंसारी ने कहा कि जब जब मन अशांत होता है बाबा के दरबार आता हूँ पहले भी कई बार आ चुका हूं, बाबा सबका कल्याण करें।
इस दौरान मौके पर जिला अध्यक्ष के अलावे मीडिया प्रभारी दिनेश मंडल सहित दर्जनों कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।